मास्टरबाग (सीतापुर), 3 अप्रैल 2026।
जनपद सीतापुर के 152 विधानसभा सिधौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जानकीपुर (खुर्दा) में आज बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का नेतृत्व राजेश कुमार सिद्धार्थ, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्बेडकर संवैधानिक महासंघ एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का सपना सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा पर आधारित है। उनके द्वारा निर्मित संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है, जिसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक संविधान और कानून की जानकारी नहीं पहुंचेगी, तब तक वास्तविक समानता स्थापित नहीं हो सकती। इसलिए आवश्यक है कि हम सभी मिलकर जागरूकताफलाएं और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर करने के लिए आगे आएं।
इस दौरान एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की गई कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक 152 विधानसभा सिधौली क्षेत्र के सभी अम्बेडकर पार्कों पर पहुंचकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से लोगों को संविधान, अधिकारों और कानून की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के मुख्य संयोजक के रूप में राजेश कुमार सिद्धार्थ के साथ गजोधर प्रसाद, नंदलाल गौतम, रामनरेश गौतम, पप्पू गौतम, श्रीपाल, बनवारी, गिरजेश कुमार, राम रियल गौतम, मनोज कुमार गौतम, महेश कुमार गौतम, कमलेश गौतम, चुन्ना चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी ने मिलकर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान 29 अप्रैल 2026 को मास्टरबाग से एक विशाल “डॉ. अम्बेडकर संविधान स्वाभिमान यात्रा” निकालने की घोषणा की गई। यह यात्रा विभिन्न गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी और लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करेगी।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि 29 अप्रैल की शाम को 25,000 मोमबत्तियाँ जलाकर बाबा साहेब का जन्मदिवस “जन्म महोत्सव” के रूप में मनाया जाएगा, जो क्षेत्र का एक ऐतिहासिक आयोजन होगा।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। “जब तक सूरज चाँद रहेगा, बाबा साहेब का नाम रहेगा”, “जय भीम, जय भारत, जय संविधान” और “राजेश कुमार सिद्धार्थ तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
अंत में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में 29 अप्रैल को आयोजित स्वाभिमान यात्रा और जन्म महोत्सव में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएं। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के जयघोष और उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

