गोरखपुर पत्रकारों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के 19 वें शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उपस्थित रहें और नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष धनेश, महामंत्री पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री महेंद्र गौड़, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार, तथा कार्यकारिणी सदस्य अजित सिंह, मनोज मिश्र और रजनीश त्रिपाठी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ के साथ ही नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों की मजबूती और समग्र उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर जनपद के समस्त पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देती है और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी रूप से सरकार तक पहुंचाने का कार्य करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब लंबे समय से पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों की मजबूती और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाता रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवगठित कार्यकारिणी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री का संबोधन
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,
“आज ज़रा याद कीजिए, वर्ष 1826 में जब कलकत्ता से हिंदी के पहले समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ का प्रकाशन शुरू हुआ था, उस समय देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था। आज भारतीय पत्रकारिता की यह यात्रा लगभग 200 वर्षों की हो चुकी है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पत्रकारिता से जुड़े सभी पत्रकार बंधुओं को मैं हृदय की गहराइयों से बधाई और धन्यवाद देता हूँ।”शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में नवगठित कार्यकारिणी की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उपस्थित सभी पत्रकारों ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
