चित्रकूट/पाठा क्षेत्र:
पाठा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत रुकमा बुजुर्ग, रुकमा खुर्द, ददरी, मडैयन, कर्का पडरिया, मारकुंडी व इटवा डुडैला में इन दिनों पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गर्मी बढ़ते ही जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय समाजसेवी मुकेश कुमार ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि कई गांवों में हैंडपंप या तो खराब पड़े हैं या पूरी तरह सूख चुके हैं, जिसके कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को इस समस्या का सबसे अधिक सामना करना पड़ रहा है।
मुकेश कुमार ने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, नए बोरवेल लगाए जाएं तथा जरूरतमंद क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
समाजसेवी मुकेश कुमार का कहना है कि हर साल गर्मी के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार से जल संरक्षण और नल-जल योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेकर राहत कार्य शुरू करता है।
