पीलीभीत जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की हार्ड कॉपी एवं पीडीएफ सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची को एक सप्ताह तक जनपद के सभी मतदान केंद्रों, बीएलओ, तहसील कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में निःशुल्क निरीक्षण के लिए रखा गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया और आंकड़ों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी गई। आंकड़ों के अनुसार पुनरीक्षण के बाद कुल मतदाताओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। बड़ी संख्या में अपमार्जन के साथ नए मतदाताओं को भी जोड़ा गया तथा संशोधन कार्य किया गया।
बैठक में राजनीतिक दलों द्वारा छूटे हुए मतदाताओं को लेकर जानकारी ली गई, जिस पर अधिकारियों ने बताया कि कोई भी पात्र व्यक्ति निरंतर पुनरीक्षण के दौरान फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए सभी उपस्थित प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
