लखनऊ (माल):राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी नवाब अहमद के नेतृत्व में उत्तरी जोन की स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना माल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भोली-भाली जनता को अपना निशाना बनाकर नकली सोने को असली बताकर बेचता था और लाखों रुपये की ठगी करता था। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने हेतु झूठी लूट की कहानी भी रची थी।गिरफ्तार आरोपियों में मो. अफसर, दानिशा फातिमा (मास्टरमाइंड की पत्नी) और मो. अजमल (मास्टरमाइंड का भाई) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 10 नकली सोने के बिस्कुट, 2 नकली रोल्ड गोल्ड चेन, 8 मोबाइल फोन और 16 अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 5 अप्रैल को ग्राम कुशमौरा निवासी सुभाष चंद्र मौर्या से इस गिरोह ने करीब 5 लाख रुपये की ठगी की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि ऐसे लालच भरे ऑफरों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
