प्रशासन की मौन स्वीकृति किसानों के दर्द का सबब
सहजनवा गोरखपुर गीडा थाना क्षेत्र के राजस्व ग्राम बड़गहन में खनन माफियाओं का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। 10 अप्रैल 2026 को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ यादव और स्थानीय किसानों ने जिला अधिकारी को पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज किया व पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मौजा शंभू चक सेमरा में लगातार अवैध खनन हो रहा है, जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि बंजर हो रही है।इससे पहले, 4 नवंबर 2025 को जिला प्रशासन ने इस क्षेत्र की सीमा का निर्धारण कर स्पष्ट बोर्ड लगाए थे, जिसमें इसे ग्राम सभा बड़गहन की भूमि बताया गया था। कुछ समय के लिए खनन रुका था, लेकिन अब फिर से अपराधिक तत्वों ने जबरन खनन शुरू कर दिया है।स्थानीय किसानों का आरोप है कि खनन माफिया और बिचौलियों के गठजोड़ से हर दिन लगभग 500 डंपर मिट्टी निकाली जा रही है। इस मिट्टी का कोई राजस्व सरकार को नहीं मिल रहा है, और किसानों को भी इसका कोई लाभ नहीं हो रहा। जब किसान इसका विरोध करते हैं, तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है।इस स्थिति ने किसानों को भूखमरी की कगार पर पहुंचा दिया है। उनकी जमीनें बंजर हो रही हैं, और वे अपनी आजीविका खोने के डर से सहमे हुए हैं। किसानों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग और मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस अवैध खनन को तुरंत रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।यह मामला न केवल किसानों के लिए बल्कि पर्यावरण और क्षेत्रीय विकास के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस समस्या का समाधान करता है और किसानों को राहत प्रदान करता है।
