लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश यादव के द्वारा जनहित एवं किसान हित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी, लखनऊ को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जनपद के ग्राम जेहटा, सैथा, दशहरी, मीरखेड़ा, टाड़खेड़ा समेत कई गांवों में मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है। खराब सड़कें, जलभराव, पेयजल संकट, अवैध कब्जे, स्ट्रीट लाइट की कमी तथा नालियों व पुलियों की जर्जर स्थिति से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं।ज्ञापन में ग्राम जेहटा व सैथा में सड़क व नाली निर्माण, मीरखेड़ा में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने, टाड़खेड़ा में जलनिकासी व्यवस्था सुधारने, बुद्धेश्वर क्षेत्र में चोरी की घटना में लंबित कार्रवाई पूरी करने तथा विभिन्न गांवों में स्ट्रीट लाइट व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा थाना बख्शी का तालाब क्षेत्र में हुए विवाद में निष्पक्ष कार्रवाई व द्वितीय पक्ष की एफआईआर दर्ज करने तथा हयात नगर में लंबित नपाई कार्य जल्द पूरा कराने की भी मांग की गई।
संगठन ने प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष रफीक लंबू, प्रदेश उपाध्यक्ष निजाम गाजी, जिला अध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष वसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
