लखनऊ। थाना नाका पुलिस का सराहनीय कार्य सामने आया है, जहां साइबर फ्रॉड की शिकार हुई गणेशगंज निवासी महिला को बड़ी राहत मिली है। पुलिस की सक्रियता के चलते महिला के खाते से ठगी गई ₹28,122 की रकम सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। डीसीपी पश्चिम ज़ोन कमलेश दीक्षित एवं कैसरबाग एसीपी रत्नेश सिंह के निर्देशन में थाना नाका प्रभारी इंस्पेक्टर अभिनव कुमार वर्मा व उनकी टीम ने साइबर सेल के सहयोग से रकम को समय रहते फ्रीज कराया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई के चलते पूरी रकम पीड़िता के खाते में वापस कर दी गई। अपनी रकम वापस मिलने पर पीड़िता ने थाना नाका पुलिस का आभार व्यक्त किया।इस प्रभावी कार्रवाई से न केवल एक पीड़ित को न्याय मिला, बल्कि पुलिस के प्रति आम जनता का भरोसा भी और मजबूत हुआ है।

