गोरखपुर थाना गीडा क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदिया में शुक्रवार सुबह मातम का माहौल छा गया, जब नासिक, मुंबई में मारे गए दो सगे भाइयों अनीश और निखिल के शव गांव पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार रात कुछ बदमाशों ने उनके घर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों भाइयों ने बचने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई में उनकी जान चली गई।अनीश की शादी दो साल पहले हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। परिवार पहले ही पिछले साल पिता की मौत का सदमा झेल चुका था। अब दोनों बेटों की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। मां, कुंवारी बहन और गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में हर कोई अनीश और निखिल के विनम्र और मददगार स्वभाव की चर्चा कर रहा है। हाल ही में दोनों भाइयों ने अपनी एक बहन की शादी करवाई थी और दूसरी बहन की शादी की तैयारी कर रहे थे।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकें।
