गीडा/गोरखपुर: सहजनवां/पिपरौली क्षेत्र में बुधवार को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक युवती प्रेमी से शादी की जिद को लेकर गीडा थाने के बगल स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, गीडा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का खजनी क्षेत्र के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, जिससे नाराज होकर वह दोपहर में घर से निकली और सीधे पानी की टंकी पर चढ़कर चिल्लाने लगी। राहगीरों की नजर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई और सूचना पर पुलिस पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने बताया कि युवती को थाने लाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।
