गोरखपुर कैंपियरगंज थाना अंतर्गत सिकन्दरपुर ग्राम सभा निवासी 16 वर्षीय मिथिलेश गुप्ता 17 अप्रैल को सुबह साढ़े छह बजे साइकिल से दिल्ली पब्लिक स्कूल मानीराम पढ़ाई के लिए घर से निकलने के बाद से वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों में चिंता और दहशत का माहौल है।परिजनों के अनुसार, मिथिलेश रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास के रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला।
घटना की सूचना मिथिलेश के पिता विकास कुमार गुप्ता ने स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और लापता छात्र की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छानबीन कर रही है।अभी तक मिथिलेश के लापता होने का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। परिजन पुलिस से जल्द से जल्द उनके बेटे को सुरक्षित ढूंढ निकालने की अपील कर रहे हैं।पुलिस ने लापता होने की सूचना दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज, आसपास के गांवों तथा स्कूल मार्ग की जांच कर रही है। परिजनों ने पूरे क्षेत्र में मिथिलेश की तस्वीरें लगाकर लोगों से मदद मांगी है।
