सहजनवा, गोरखपुर सहजनवा तहसील क्षेत्र के अमटौरा गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। करीब ढाई दर्जन ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी केशरी नंदन तिवारी को ज्ञापन सौंपते हुए कब्जा हटाने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान श्रीराम शर्मा उर्फ मोनू शर्मा ने बताया कि गांव की आराजी संख्या 494, 493, 485 एवं 487 सरकारी भूमि के रूप में दर्ज हैं। इन पर एक दबंग व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिसके कारण ग्रामीणों के आवागमन के लिए रास्ता निर्माण बाधित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग के अभाव में उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इतना ही नहीं, आरोप है कि कब्जाधारी द्वारा विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी भी दी जा रही है, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए तत्काल रास्ते का निर्माण कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में उपजिलाधिकारी केशरी नंदन तिवारी ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
