सदर गोरखपुर सदर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया और दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
180 शिकायतें, 18 का तत्काल समाधान
समाधान दिवस में कुल 180 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें से 18 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। सबसे अधिक शिकायतें जमीन कब्जा, बंटवारा, वरासत, चकबंदी और पारिवारिक विवादों से जुड़ी रहीं।
भू-माफिया पर सख्ती के निर्देश
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने एक अधिवक्ता की जमीन पर भू-माफिया द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर डीएम दीपक मीणा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार को समाधान दिवस समाप्त होते ही मौके पर पहुंचकर कब्जा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने दो टूक कहा, सरकारी या निजी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
