*शटर का ताला तोड़कर 14 मोबाइल और 1.40 लाख नगद ले गए चोर,
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
गोला, गोरखपुर: थाना गोला क्षेत्र के चंद चौराहा स्थित एक मोबाइल की दुकान में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। शटर का ताला तोड़कर चोर दुकान से 14 कीपैड मोबाइल और 1 लाख 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित अनिल कुमार मौर्य पुत्र सीताराम मौर्य निवासी ग्राम अतरौरा, वार्ड नंबर 4, नगर पंचायत गोला ने थाना गोला में तहरीर दी है। प्रार्थना पत्र के अनुसार 3 मई 2026 की रात करीब 3 बजे चंद चौराहा पूर्व रोड पर स्थित उनकी मोबाइल शॉप में चोरी हुई। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे 14 नए कीपैड मोबाइल के साथ गल्ले में रखा 1,40,000 रुपये नगद चुरा लिया। सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे तो शटर टूटा मिला और सामान गायब था।
पीड़ित अनिल कुमार मौर्य ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा है। फुटेज में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी है और जल्द कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी ने थाना गोला पुलिस से प्रार्थना पत्र की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। व्यापारी ने रात में गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। थाना अध्यक्ष गोला से संपर्क करने पर उन्होंने बताया गोला पुलिस की सक्रियता से चोरों के गिरेबान तक पहुंचने में सफलता हासिल की तथा चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है चोरों की संख्या पांच थी जिसमें दो पुरुष तीन महिलाएं हैं सभी को हिरासत में ले लिया गया है।
