पीलीभीत जनपद में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारम्भ गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वयं स्व-गणना फॉर्म भरकर किया। इसके साथ ही गांधी सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने पोर्टल पर अपने-अपने स्व-गणना फॉर्म भरकर अभियान की शुरुआत की।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक चलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराया जाए तथा अधीनस्थ कर्मचारियों से भी स्व-गणना फॉर्म भरवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि इस बार नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना कर सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी बनेगी। जिलाधिकारी ने डेटा की शुद्धता और जनभागीदारी को अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि “जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास योजनाओं की मजबूत नींव है।” उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर राष्ट्र निर्माण के इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, एआरटीओ, डीआईओएस, बीएसए, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
