अर्जुन रौतेला आगरा। ग्लो वर्ल्ड कॉन्वेंट स्कूल, खासपुर, दयालबाग, आगरा में मातृ दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी मम्मियों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन खुशी, प्रेम और सम्मान का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की मम्मियों एवं विद्यालय प्रबन्धक बृज नन्दन दीक्षित, प्रधानाचार्य प्रभा दीक्षित द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता एवं नाटक के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित अभिभावक भावुक हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा मम्मियों के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और उनकी मम्मियों के बीच विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे आपसी प्रेम और आत्मीयता और अधिक मजबूत हुई।
विद्यालय प्रधानाचार्या प्रभा दीक्षित ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है। मातृ दिवस हमें अपनी मां के त्याग, प्रेम और समर्पण का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
मंच का शानदार संचालन भाव्या दीक्षित द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की प्रमुख निकिता, कार्यक्रम प्रमुख सूचि शर्मा, गीता, रागिनी, निशा, शैफाली, राम, अनुष्का, खुशी, निधि एवं चिरायु दीक्षित आदि का विशेष योगदान रहा।
