राहगीरों की जान जोखिम में, विभाग मौन।
सहजनवां गोरखपुर।सहजनवां तहसील के अंतर्गत जिगिना मार्ग से फरसाडाड रोड के बीच बड़ा हादसा होने का खतरा मंडरा रहा है। बनगांव कोटेदार के घर से उत्तर दिशा में लगभग 30 मीटर की दूरी पर सड़क के बीचों-बीच करीब 4 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। यह गड्ढा आने जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में तो किसी तरह लोग बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यह गड्ढा दिखाई नहीं देता। अब तक कई बाइक सवार इसमें गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बारिश के दिनों में गड्ढे में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय उदासीनता से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह मुख्यमंत्री का गृह जनपद है, फिर भी सड़कों की यह हालत शर्मनाक है।क्षेत्रीय निवासी रामनरेश ने बताया कि रोजाना सैकड़ों लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं। स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी इसी रास्ते से आते जाते हैं। अगर जल्द गड्ढा नहीं भरा गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित में तत्काल इस गड्ढे की मरम्मत कराई जाए ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

