गोरखपुर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 90 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो अभियोग आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दर्ज किए गए।आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 श्याम कुमार गुप्ता, आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता (प्रवर्तन-1), सब इंस्पेक्टर लेखराज सिंह एवं अब्दुल जव्वाद की संयुक्त टीम ने थाना राजघाट क्षेत्र के ग्राम चकरा आयुअल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान वहां से 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।इसके बाद टीम ने थाना गीडा क्षेत्र के ग्राम बारिया टोला में भी छापेमारी की, जहां से 55 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कुल दो अभियोग पंजीकृत किए। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
