पीलीभीत जनपद के अमरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम बहरुआ रानी कॉलोनी से मझोला धनकुना मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग (PWD) हरकत में आ गया। शिकायत सामने आते ही विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य की गहन जांच की। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी से वार्ता कर मामले में कड़ी नाराजगी जताई थी।
अधिशासी अभियंता के निर्देश पर अपर अधिशाषी अभियंता जयपाल सिंह लोधी के नेतृत्व में जेई ओमपाल सिंह सहित विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री, सड़क की मोटाई, चौड़ाई और डामरीकरण की गुणवत्ता की जांच की गई।
मौके पर मौजूद जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, इसलिए जनता को मजबूत और टिकाऊ सड़क मिलना उनका अधिकार है। यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या ठेकेदार की मिलीभगत सामने आई तो मामला उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
अपर अधिशाषी अभियंता जयपाल सिंह लोधी ने कहा कि विभाग सड़क निर्माण में तय तकनीकी मानकों का पूरी सख्ती से पालन करा रहा है। सड़क में मानक अनुरूप गिट्टी, डामर एवं बेस सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही सड़क की निर्धारित मोटाई, चौड़ाई और मजबूती की लगातार तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी कमी मिलेगी, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को शीघ्र दूर कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रूप लाल, संजीव मिश्रा, ललित पटेल, नरेंद्र सिंह, गुरमन सिंह, गुरप्रीत सिंह, दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

