लाइन लगाने वालों और गैस गाड़ी रोकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पीलीभीत जिले के मझोला क्षेत्र में रसोई गैस वितरण को लेकर लंबे समय से चल रही अव्यवस्था और लोगों की परेशानियों को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। अब गैस एजेंसी पर सिलेंडर वितरण पूरी तरह बंद कर दिया गया है और केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा था। कई बार पूरा दिन इंतजार करने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था। इतना ही नहीं, सिलेंडर लेकर जा रही गाड़ियों को रास्ते में रोककर जबरन सिलेंडर लेने की घटनाएं भी सामने आ रही थीं, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बन गया था।
इन समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल से मुलाकात कर समाधान की मांग की। जिस पर कपिल अग्रवाल ने उपजिलाधिकारी अमरिया मयंक गोस्वामी, जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार तथा पूर्ति निरीक्षक मोहम्मद अनस से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति पर चर्चा की।
बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि अब कोई भी व्यक्ति गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने नहीं जाएगा और न ही वहां किसी प्रकार की लाइन लगेगी। सभी उपभोक्ताओं को उपलब्धता के अनुसार बुकिंग नंबर के क्रम में केवल होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं को डिलीवरी से पहले सूचना भी दी जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और गैस एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति गैस वितरण वाहन को रोककर जबरन सिलेंडर लेने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि गैस एजेंसी रसूल फरदिया को भी नई व्यवस्था के पालन के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं किसी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता पूर्ति निरीक्षक मोहम्मद अनस से संपर्क कर सकते हैं, जिस पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
