पीलीभीत जनपद के विकासखंड अमरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगत स्थित नूरपुर पंचायत घर में आयोजित खुली बैठक में भूमिहीन एवं पात्र लोगों को कृषि पट्टा आवंटित किए जाने के मुद्दे पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक में ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग उठाई कि कृषि पट्टा आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और पात्रता के आधार पर की जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान भूमि प्रबंधक समिति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से भूमि के अभाव में जीवन यापन कर रहे गरीब और भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता देकर शासन की मंशा के अनुरूप लाभ पहुंचाया जाए।
खुली बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से पारदर्शिता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पात्र व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो। बैठक में सोवरन लाल, चेतराम, रोसनलाल, नन्हेंलाल, तुलसीराम, रामलाल, राजकुमार, ओम प्रकाश, भजनलाल, इसरार अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस दौरान ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास और पात्र लोगों को अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
