महमूदाबाद/सीतापुर।
विश्व मानवाधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय, मोहल्ला रमुवापुर, विकास क्षेत्र महमूदाबाद में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन पूर्व निर्धारित एजेंडा के अनुसार संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक एस.एस. दिनकर के निर्देशन में किया गया। बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती, विस्तार और सामाजिक सरोकारों को लेकर व्यापक चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारी अनुज कुमार जैन ने कहा कि संगठन की सक्रिय कार्यकारिणी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को कम से कम दो जागरूक एवं सक्रिय व्यक्तियों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा अपराध नियंत्रण के प्रति समाज में जागरूकता पैदा करना है। इसके लिए संगठन के सभी सदस्यों को पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने और पीड़ितों की आवाज बनने के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है। यदि संगठन को जन-जन तक पहुंचाना है तो कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा।
बैठक में मंडल कार्यालय प्रभारी सुधीर कुमार वर्मा ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सभी पदाधिकारियों को संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी पीड़ित की समस्या संगठन के समक्ष आती है तो उसकी निष्पक्ष विवेचना कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संगठन को समाज में न्याय और विश्वास का मजबूत माध्यम बनाने पर बल दिया।
तहसील संयोजक शिवदास ने अपने संबोधन में कहा कि महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के महमूदाबाद, पहला एवं रामपुर मथुरा ब्लॉकों में संगठन का तेजी से विस्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में केवल सक्रिय, जिम्मेदार और समाजसेवा की भावना रखने वाले लोगों को ही जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे संगठन की कार्यशैली अधिक प्रभावी बन सके।
बैठक के दौरान नगर अध्यक्ष महमूदाबाद अशोक कुमार वर्मा को परिचय पत्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नगर क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
इसके अतिरिक्त बैठक के दौरान वार्ड, ग्राम, नगर, महानगर, ब्लॉक, तहसील, विधानसभा, जनपद, मंडल, प्रदेश एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मोबाइल माध्यम से संवाद स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक के अंत में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का वातावरण संगठनात्मक उत्साह, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं मानवाधिकार संरक्षण के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया।
