कौशाम्बी।
जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी अमिता सिंह ने की। बैठक में जिले के विभिन्न थाना व चौकी क्षेत्रों के सर्राफा व्यापारियों, उद्योगपतियों, मार्केट एसोसिएशन पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने भाग लिया। एएसपी अमिता सिंह ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। एएसपी अमिता सिंह ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बाजारों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने, पुलिस-व्यापारी समन्वय को और प्रभावी बनाने तथा हेल्पलाइन नंबरों के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष जोर दिया।उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अराजक तत्व या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने भी पुलिस की पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव साझा किए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
राजेश कुमार पत्रकार अब तक न्याय कौशांबी

