काली पट्टी बांधकर कर रहे काम; चेतावनी - तीन दिन में समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने की आशंका
रीवा। रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय में आउटसोर्स कर्मचारियों ने पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने और अन्य मांगों को लेकर सोमवार से तीन दिवसीय सांकेतिक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी अधिकारी नया पुलिस वेरिफिकेशन जमा होने के बाद ही वेतन देने का अड़ंगा लगा रहे हैं।
काली पट्टी बांधकर काम
अस्पताल की व्यवस्थाएं ठप न हों, इसके लिए कर्मचारी फिलहाल हाथों में काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे पूर्ण रूप से काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
कंपनी पर गंभीर आरोप
कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों में दो बार अपना वेरिफिकेशन जमा कर चुके हैं। इसके बावजूद नया वेरिफिकेशन मांगा जा रहा है। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय पर्वों पर मिलने वाली छुट्टियों का पारिश्रमिक भी नहीं दिया गया है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
इस गंभीर समस्या को लेकर डीन और अस्पताल अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। यदि हड़ताल हुई तो आगामी दिनों में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
