आमोद कुमार
बांदा, 27 मई 2026। जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, प्रभावी पैरवी तथा अपराधियों को समयबद्ध सजा सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने के लिए अभियोजन कार्यों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दोषियों को समय पर दंड मिल सके और न्याय व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।बैठक में महिला अपराधों सहित अन्य गंभीर मामलों में प्रभावी नियंत्रण और दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए अभियोजन अधिकारियों को विशेष रूप से सजग रहने को कहा गया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक महत्वपूर्ण वाद में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मजबूत पैरवी की जाए, जिससे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
बैठक में शिवराज, धर्मेंद्र कुमार सहित ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी एवं सहायक अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।
