आमोद कुमार
बांदा, 27 मई 2026। गेहूँ खरीद केंद्रों पर बोरे की कमी, गेहूँ उठान में देरी और तौल प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अजीत कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि चित्रकूटधाम मंडल के विभिन्न जनपदों में संचालित कई खरीद केंद्रों पर पर्याप्त बोरे उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा समय पर गेहूँ का उठान न होने से खरीद कार्य प्रभावित हो रहा है तथा किसानों को कई दिनों तक केंद्रों पर प्रतीक्षा करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मामले को गंभीर मानते हुए आयुक्त ने सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, उप निबंधक एवं उपायुक्त सहकारिता तथा भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खरीद केंद्रों पर तत्काल प्रभाव से बोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बोरे की कमी के कारण गेहूँ खरीद कार्य बाधित नहीं होना चाहिए।
आयुक्त ने गेहूँ के नियमित एवं समयबद्ध उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा और असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही तौल प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि किसानों के शोषण अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी और केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को खरीद केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंडल के सभी जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर गेहूँ खरीद कार्य की दैनिक समीक्षा तथा केंद्रों की वास्तविक स्थिति की प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए गए।आयुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से गेहूँ खरीद का कार्य पूर्ण पारदर्शिता, सुगमता और समयबद्धता के साथ सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
