गोरखपुर। जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरसेवकपुर नंबर 2 (टोला लक्ष्मीपुर) से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ की एक महिला ने बिजली विभाग के स्थानीय जेई (JE) और कुछ दबंग व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि दबंगों द्वारा उनके घर के ऊपर से जबरन बिजली का तार खींचे जाने से उनके पूरे परिवार की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
ग्राम हरसेवकपुर नंबर 2 की स्थायी निवासी पूनम साहनी (पत्नी सुनील साहनी) ने प्रशासनिक अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ स्थानीय दबंग व्यक्तियों ने उनके मकान/कैटेरेन टीनशेड के ठीक ऊपर से जबरन बिजली का हाई-टेंशन या अवैध तार खींच लिया है। टीनशेड के ऊपर से तार गुजरने के कारण पूरे घर में करंट उतरने और कोई भी बड़ी अप्रिय घटना होने का खतरा लगातार बना हुआ है।पोर्टल पर शिकायत के बाद JE ने खेल दिया खेल!
पीड़िता पूनम साहनी ने बताया कि उन्होंने इस खतरे से अपने परिवार को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के आई.जी.आर.एस. (IGRS) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन न्याय मिलने के बजाय स्थानीय उपकेंद्र के जेई (JE) विजय सिंह ने मौके की सही जांच किए बिना ही एक पक्षीय और गलत रिपोर्ट लगा दी।
पीड़िता का आरोप: "जेई साहब ने अपनी रिपोर्ट में लिख दिया कि हमारा मकान सरकारी जमीन पर बना हुआ है। जबकि यह मामला सीधे तौर पर अवैध रूप से बिजली का तार ले जाने और हमारे परिवार की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। वह जमीन हमारी निजी संपत्ति है, कोई सरकारी जमीन नहीं है। हमारे मकान में साल 2009 से वैध विद्युत कनेक्शन भी लगा हुआ है।"
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
महिला का कहना है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इस तरह की झूठी और भ्रामक रिपोर्ट लगाए जाने के कारण उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। इससे शह पाकर दबंगों के हौसले और ज्यादा बुलंद हो गए हैं।
पीड़िता ने प्रशासन से इस पूरे मामले की किसी उच्चाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भविष्य में इस लापरवाही के कारण उनके परिवार के साथ कोई भी दुर्घटना या अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दबंग लोगों और लापरवाही पूर्वक जांच करने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों की होगी।
