गोरखपुर 26 मई को पिपरौली ब्लॉक के ग्राम पंचायत खानिमपुर के ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन करके जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की गई।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दो वर्ष से तैयार ओवरहेड टैंक बनकर तैयार है लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे पूर्व प्रधान प्रत्याशी हरीराम शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत जल निगम द्वारा खानिमपुर में दो वर्ष पहले ही ओवरहेड टैंक का निर्माण करा दिया गया है लेकिन ठेकेदार द्वारा पाईप बिछाने और कनेक्शन लगाने में भारी लापरवाही के कारण अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।आगे हरीराम ने बताया कि सरकार की मंशा ग्रामीणों के प्रति हमेशा अच्छी रहती है लेकिन बीच के अफसर लोग जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन ठीक ढंग से नहीं करते हैं।जिससे सरकार की छवि धूमिल होती है।आगे कहा कि मेरे गांव में टैंक का निर्माण हुए दो वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन विभाग द्वारा अभी टोटी और कनेक्शन देने का काम पूरा नहीं किया जा सका है। इसलिए मंगलवार को ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन करके अविलंब जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की गई। इस दौरान ज्ञानचंद पाल, अर्जुन प्रजापति, हरिकेश शर्मा, हरिराम शर्मा, हरेंद्र पाल, प्रदीप पाल, पशुपति नारायण साहनी, अच्छेलाल साहनी, नन्हें सिंह, रघुबर प्रजापति, अरविंद शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
