श्रीकृष्ण भास्कर सह संपादक अब तक न्याय न्यूज आपको अवगत कराते चलें कि
आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने एवं शान्ति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
आज दिनांक 25.05.2026 को आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व के दृष्टिगत जनपद में शान्ति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने हेतु गांधी सभागार, पीलीभीत में जिलाधिकारी पीलीभीत श्री ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पीलीभीत श्री सुकीर्ति माधव महोदय द्वारा जनपद के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी।
बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गये कि सभी पर्व एवं धार्मिक कार्यक्रम शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, निर्धारित मानकों एवं पूर्व से चली आ रही परम्पराओं के अनुरूप ही सम्पन्न किये जायेंगे। किसी भी प्रकार की नई परम्परा की अनुमति नहीं दी जायेगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु का कटान नहीं किया जायेगा तथा खुले स्थानों/सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। कुर्बानी केवल निर्धारित एवं परम्परागत स्थानों पर ही की जायेगी। सार्वजनिक मार्गों, सड़कों एवं यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर नमाज अदा करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
सभी उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से किसी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। साथ ही शान्ति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी कार्यवाही की जायेगी। शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

