अर्जुन रौतेला आगरा। बृज गोपी महिला मंडल, बृज विहार , कमला नगर, आगरा द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा प्रवक्ता शास्त्री साक्षी शुक्ला जी ने श्रद्धालुओं को भगवान के विभिन्न अवतारों की महिमा का रसपान कराया। उन्होंने वामन भगवान, भगवान परशुराम, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग के साथ भगवान श्रीकृष्ण जन्म की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान शास्त्री साक्षी शुक्ला जी ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने वामन अवतार की कथा सुनाते हुए बताया कि भगवान ने राजा बलि के अहंकार का हरण कर धर्म की रक्षा की। वहीं परशुराम अवतार के माध्यम से अन्याय और अत्याचार के अंत का संदेश दिया।
उन्होंने भगवान श्रीराम जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीराम ने मर्यादा, सत्य और आदर्श जीवन का संदेश दिया। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा सुनाई गई, जिसे सुनकर पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग पर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उत्सव मनाया और वातावरण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से गूंज उठा।
कथा के दौरान भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु झूम उठे और भक्तिरस में सराबोर हो गए। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर बृज गोपी महिला मंडल की पदाधिकारी एवं लूथरा परिवार के सदस्य, स्थानीय पार्षद कंचन पवन बंसल उपस्थित रहे और सभी श्रद्धालुओं ने कथा के सफल आयोजन हेतु सहयोग प्रदान किया।
