सहजनवा, गोरखपुर
सहजनवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भीटी रावत में बाजार के बीच संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ठेका हटाने की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेके की वजह से गांव का माहौल खराब हो रहा है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ता जा रहा है।
इस मामले में सनातन धर्म उत्थान संगठन के संयोजक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विनोद अग्रहरि के नेतृत्व में ग्रामीण कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके पर प्रतिदिन नशे में धुत लोगों की भीड़ लगी रहती है। महिलाएं बाजार आने-जाने में असहज महसूस करती हैं और कई बार शराबी अभद्र टिप्पणी भी करते हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि शराबी घरों और दुकानों के सामने गंदगी फैलाते हैं, जिससे सामाजिक और धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण महिलाओं मंजू, संजीता, मैना देवी, सुहाली, रहसी और चंद्रभावती ने खुलकर विरोध जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार शराब ठेके से करीब 100 मीटर की दूरी पर श्री हनुमान मंदिर और एक विद्यालय स्थित है, जिससे बच्चों के संस्कार और शैक्षिक माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
विनोद अग्रहरि ने आरोप लगाया कि प्रशासन राजस्व नुकसान का हवाला देकर कार्रवाई से बच रहा है। वहीं ग्रामीण पवन कुमार, श्याम नारायण यादव, शिव सागर मिश्रा, दुर्गेश गुप्ता और संजय कुमार गुप्ता समेत 82 लोगों ने हस्ताक्षर कर ठेका हटाने की मांग की है।
इस मामले में प्रभारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच कराने का आदेश इंस्पेक्टर को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शराब ठेका शासन की गाइडलाइन के अनुसार संचालित नहीं पाया गया, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
