सोनवीर सिंह बघेल आगरा। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र इन दिनों विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। क्षेत्र में विकास कार्यों की गंगा बहाते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कुल 386.77 लाख रुपये की इन परियोजनाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने एत्मादपुर हाईवे से सीएचसी होते हुए खंदोली रोड तक 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त, बुर्ज अतवल से हेमराजपुर तक 53 लाख रुपये की लागत से बनी 9.5 मीटर सड़क का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया, मितावली में लगभग 80.81 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया गया, जिससे स्थानीय आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
धार्मिक एवं अन्य बुनियादी माँ डाकन वाली मंदिर परिसर के विकास हेतु 88.3 लाख रुपये की लागत से बने भवन का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही, मंदिर क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 57.30 लाख रुपये का भूमि पूजन और 44.36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली अन्य सड़क परियोजना का शिलान्यास किया गया
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि एत्मादपुर का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। सरकार द्वारा क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का जाल और अधिक मजबूत होगा।
स्थानीय निवासियों ने इन विकास कार्यों के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री और विधायक का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
