लाल इमली चौराहे से घंटाघर जाने वाली मुख्य सड़क को पूरी तरह बंद कर पुलिया का निर्माण कराने के विरोध में आज महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में लाल इमली चौराहा प्रभारी सलीम खां व अन्य स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने अवगत कराया कि लाल इमली चौराहे से घंटाघर जाने वाला मार्ग शहर का एक अत्यंत व्यस्त और मुख्य रास्ता है, जो सीधे रेलवे स्टेशन को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोग स्टेशन जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। पिछले 12-15 दिनों से इस रोड पर एक पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अब प्रशासन द्वारा पूरी सड़क को बंद करके कार्य करने की योजना बनाई जा रही है, जो कि पूरी तरह अनुचित है।
व्यापारियों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि यह मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया, तो क्षेत्र की सभी दुकानें ठप हो जाएंगी। इससे जहाँ एक ओर सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। ज्ञापन में मांग की गई कि अन्य नगरों की तरह यहाँ भी आधी सड़क चालू रखकर पुलिया का निर्माण कराया जाए या फिर रात्रि के समय कार्य किया जाए, जिससे आम जनता को कोई असुविधा न हो।
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिया का निर्माण कार्य जल्द से जल्द कराया जाएगा। यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए पूरी सड़क बंद करने के बजाय दो बार में आधी-आधी पुलिया बनाई जाएगी, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे।
महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने नगर आयुक्त से यह भी मांग की कि विभिन्न क्षेत्रों में तैनात सफाई कर्मियों की सूची उनके नाम और मोबाइल नंबर सहित व्यापार मंडल को दी जाए, ताकि यदि वे किसी कारणवश अनुपस्थित रहते हैं या अपना काम ठीक से नहीं करते हैं, तो प्रत्येक बाजार के प्रतिनिधि उनसे संपर्क कर जवाबदेही तय कर सकें। इस पर नगर आयुक्त ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही यह सूची उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस दौरान प्रांतीय मंत्री सुरेंद्र सिंह सेठ, महानगर महामंत्री अमित शर्मा, महानगर संगठन मंत्री रेहान मिर्ज़ा, अध्यक्ष बहादुरगंज पचराहा इकबाल खां , संगठन मंत्री सरताज अली, अखिल मिश्रा, प्रमोद मल्होत्रा, अशोक गुप्ता, सरताज हुसैन, हनी सिंह, कंचन गुप्ता, दानिश मालिक,शादान खां, मुश्ताक अहमद, सतीश सिंह, आदित्य वर्मा, सिराज, नावेद, मधुरेश गुप्ता, महेंद्र दुबे, शिवकुमार गुप्ता, नाजिर, अजीत पाल, धर्मेंद्र कुमार आदि स्थानीय व्यापारी और प्रतिनिधिमंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।
अब तक चैनल, शाहजहापुर
