रिजर्व पुलिस लाइन में वृहद मॉक ड्रिल: अग्निकांड व आपदा प्रबंधन से निपटने की तैयारी परखी गई।
राकेश त्रिपाठी/अब तक न्याय
महराजगंज आपातकालीन परिस्थितियों, भीषण अग्निकांडों तथा दैवीय आपदाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज के परेड ग्राउंड में फायर सर्विस टीम द्वारा वृहद मॉक ड्रिल एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में बहुमंजिला इमारत और रिहायशी क्षेत्र में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस टीम ने निर्धारित रिस्पॉन्स टाइम का पालन करते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मॉक ड्रिल के दौरान दमकल कर्मियों ने आधुनिक फायर टेंडर, हाई-प्रेशर होज पाइप और अन्य अग्निशमन उपकरणों के माध्यम से कम समय में आग पर नियंत्रण पाने का प्रदर्शन किया। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भी आग बुझाने और आपदा की स्थिति में बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अभ्यास का उद्देश्य अग्निशमन कर्मियों की कार्यकुशलता का परीक्षण, अत्याधुनिक उपकरणों की परिचालन क्षमता की जांच तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन रविन्द्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रुपेश कुमार, एफएसएसओ राजेन्द्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं फायर सर्विस के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
