थाना दिवस से मिला न्याय, लेकिन पुलिस की कार्यशैली पर चर्चा तेज!
राकेश त्रिपाठी / अब तक न्याय
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के चिउटहां गांव में जमीन विवाद के एक मामले में पीड़ित को थाना दिवस के माध्यम से न्याय तो मिल गया, लेकिन इसके साथ ही थाने की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल भी उठ खड़े हुए हैं। क्षेत्र में इन दिनों थाने में कथित तौर पर सक्रिय एक "काराखास" और उसके बढ़ते प्रभाव की चर्चाएं जोरों पर हैं।
पीड़ित देवेंद्र दुबे ने बताया कि थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देने और मामला सार्वजनिक होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया, जिसके परिणामस्वरूप उसे न्याय मिला। हालांकि, मामले के दौरान पुलिस की निष्पक्षता को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी सामने आईं।
‘काराखास’ के जरिए काम कराने की चर्चा!
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि सिंदुरिया थाने में कुछ मामलों में फरियादियों को सीधे अधिकारियों तक पहुंचने के बजाय कथित बिचौलियों और एक प्रभावशाली "काराखास" के माध्यम से काम कराने की सलाह दी जाती है। लोगों का कहना है कि थाने में इस व्यक्ति की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम नागरिकों में असंतोष दिखाई दे रहा है।
वसूली और दलाली के आरोपों से गरमाया माहौल!
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि कुछ मामलों में कथित रूप से लेन-देन और वसूली की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार उठ रहे सवालों ने थाना प्रशासन को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
उच्चाधिकारियों से जांच की मांग!
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि थाने में किसी काराखास या बिचौलिया तंत्र की भूमिका है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोगों का मानना है कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है।
जनता की निगाहें प्रशासन पर!
फिलहाल सिंदुरिया थाना क्षेत्र में काराखास, कथित दलाली और वसूली की चर्चाएं लोगों के बीच प्रमुख मुद्दा बनी हुई हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इन चर्चाओं और आरोपों का संज्ञान लेकर कोई जांच कराता है या नहीं।
