गोंडा के उमरी बेगमगंज क्षेत्र में सरयू नदी में भैंस नहलाने गए एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। तटबंध पर काम कर रहे मजदूरों की बहादुरी से युवक की जान बच गई। यह घटना बुधवार शाम को हुई।
सुनौली निश्चित पुरवा निवासी भानु चौहान भैंस नहलाने के लिए नदी में उतरे थे। तभी एक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उनके जांघ को पकड़कर पानी में खींचने का प्रयास किया। भानु की चीख सुनकर पास के तटबंध पर काम कर रहे मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हथौड़े से मगरमच्छ पर हमला कर भानु को उसके जबड़े से छुड़ाया।घायल भानु चौहान को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सतपाल सोनकर ने बताया कि घायल युवक को बुधवार शाम करीब 6 बजे एंबुलेंस से लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
