दीपावली से पहले ओसा में पटाखा बाजार का निरीक्षण: एएसपी राजेश कुमार सिंह व सीओ शिवांक सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर, व्यापारियों को किया जागरूक
राजेश कुमार पत्रकार अब तक न्याय कौशाम्बी
कौशाम्बी। दीपावली पर्व के नजदीक आते ही जनपद कौशाम्बी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री राजेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी मंझनपुर श्री शिवांक सिंह ने रविवार को ओसा क्षेत्र स्थित पटाखा एवं बारूद की दुकानों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में रखे गए पटाखों के भंडारण, सुरक्षा दूरी, वेंटिलेशन व्यवस्था तथा अग्निशमन यंत्रों की कार्यक्षमता की विस्तृत जांच की। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी दुकानें सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हों, दुकानों के आस-पास किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ न रखें तथा अग्निशमन यंत्र सदैव सक्रिय स्थिति में रखें।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री निर्धारित समय सीमा में ही की जाए और बिना वैध लाइसेंस कोई भी दुकान संचालित न की जाए। उन्होंने व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने और किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस या फायर ब्रिगेड को सूचना देने की अपील की।
एएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि “सुरक्षा मानकों का पालन ही सभी की सुरक्षा की गारंटी है। सावधानी और सतर्कता बरतकर ही हम दीपावली का त्योहार सुरक्षित एवं खुशहाल बना सकते हैं।”
