सुरेश यादव-बहराइच:- आरक्षण में सुधार, एससी/एसटी एक्ट में संशोधन और यूजीसी व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर परशुराम सेना प्रकोष्ठ के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। धरने के दौरान एसडीएम सदर धरना स्थल पर पहुंचीं और संगठन पदाधिकारियों से ज्ञापन लिया। परशुराम सेना प्रकोष्ठ की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि आरक्षण जाति के आधार पर नहीं, बल्कि आर्थिक एवं वास्तविक जरूरत के आधार पर दिया जाए। साथ ही एससी/एसटी एक्ट में बिना निष्पक्ष प्रारंभिक जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कानूनी सुधार किए जाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने झूठी शिकायत कर किसी निर्दोष व्यक्ति को फंसाने वालों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान करने की मांग भी रखी। इसके अलावा यूजीसी से संबंधित विवादित अधिनियमों व प्रावधानों को वापस लेकर उन पर पुनर्विचार किए जाने की मांग की गई। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित महेंद्र नाथ तिवारी और जिलाध्यक्ष भानू पांडेय ने कहा कि मांगों को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में पंडित दीपक त्रिवेदी, आशीष चतुर्वेदी, दिलीप मिश्रा,आदर्श त्रिवेदी, पंकज मिश्रा, विश्वरुप मिश्रा, राजू त्रिवेदी, इंद्रेश मिश्रा समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

