दिल्ली धमाके के बाद मथुरा में अलर्ट: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर सुरक्षा बढ़ी, स्टेशन-बस स्टैंड पर हो रही चेकिंग
दिल्ली धमाके के बाद मथुरा में अलर्ट जारी कर दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रमुख पर्यटन स्थल, धार्मिक स्थलों पर वाहनों की चेकिंग, यात्रियों के सामान की चेकिंग शुरू कर दी गई। दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद मथुरा में भी अलर्ट हो गया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि सहित अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। जिलाधिकारी सीपी सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने रात में जन्मभूमि पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार देर शाम हुए विस्फोट में 10 लोगों की मौत के बाद मथुरा में भी अलर्ट हो गया। सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर के साथ ही आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जन्मभूमि के सभी गेटों पर निरंतर चेकिंग की जा रही है। बिना पास वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। डीएम और एसएसपी ने जन्मभूमि पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जन्मभूमि सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया है। स्टेशनों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी चेकिंग की जा रही है। वाहनों की भी पुलिस चेकिंग कर रही है।रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर भी चेकिंग
मथुरा जंक्शन, मथुरा छावनी रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट हो गईं। सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित ने बताया कि मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट किया गया है। मथुरा के स्टेशनों में सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया में भी बीडीएस की टीमों के साथ चेकिंग की जा रही है। ट्रेनों में भी चौकसी बढ़ाई गई है। लगातार चेकिंग की जा रही है।
सनातन पदयात्रा के मद्देनजर वृंदावन में भी चौकसी बढ़ी
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन पदयात्रा भी 13 से मथुरा में प्रवेश करके वृंदावन पहुंचेगी। ऐसे में यात्रा के लिए अभी से ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। इस दौरान मथुरा में खास चौकसी रहेगी। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

