भूरी सिंह आगरा। रोटरी क्लब ऑफ आगरा नियो द्वारा गांव मनोहरपुर के प्राथमिक विद्यालय में पहली बार एक वृहद निशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
शिविर का शुभारंभ डॉ. अजय अरोड़ा (क्लब उपाध्यक्ष) द्वारा किया गया।
इस विशेष चिकित्सा शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे, जिनमें बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय अरोरा, वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. रजनीश सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कौस्तुभ साने, दंत चिकित्सक डॉ. कुशल सिंह और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अभिनव चतुर्वेदी शामिल थे।
शिविर में स्कूल उपस्थित सभी 65 छात्र/ छात्राओं को निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयां प्रदान की गईं। इसके पश्चात आस-पास के गांवों के लोगों को भी निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयां प्रदान की गईं। शिविर में मुख्य रूप से दंत रोग से परेशान बच्चे व वयस्क पाए गए, जैसे कि दांतों में दर्द की दिक्कत, दांतो में कीड़ा लगा होना इत्यादि |
यह शिविर रोटरी क्लब ऑफ आगरा नियो के तत्वावधान में आयोजित किया गया था, जहां क्लब पूर्व अध्यक्ष अरुण सिंह ने घोषणा की कि भविष्य में भी इसी प्रकार के शिविरों का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस कैंप को सफल बनाने में विशेष रूप से मनोहरपुर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या पुष्पा कपूर और अध्यापक मोहम्मद रेहान ने सहयोग किया। इस अवसर पर क्लब के सचिव पवित्र शर्मा, अरुण सिंह, यतेश सिंह आदि उपस्थित रहे।

