रिपोर्ट – दीप सिंह
कन्नौज पुलिस लाइन में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन, एसपी ने ली सलामी
कन्नौज। जनपद कन्नौज के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड पूरी अनुशासन और गरिमा के साथ सम्पन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत निर्धारित समय पर हुई, जिसमें जनपद के विभिन्न थानों तथा इकाइयों से आए पुलिसकर्मियों और नवआरक्षियों ने प्रतिभाग किया। पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार स्वयं परेड ग्राउंड पहुंचे और परेड की सलामी ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने परेड दस्ता का विस्तृत निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों की वर्दी, ड्रेस-अप, फॉलिन-फॉलआउट, सलामी की एकरूपता सहित अन्य ड्रिल गतिविधियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के उपरांत एसपी विनोद कुमार ने उपस्थित पुलिसबल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बने रहने की सलाह दी। उन्होंने स्वयं परेड ग्राउंड में पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगवाई और कहा कि फोर्स को बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए फिटनेस सबसे महत्वपूर्ण है। नवआरक्षियों को विशेष रूप से अनुशासन, एकरूपता और टीम-वर्क के महत्व से अवगत कराया गया।
परेड में टोलीवार ड्रिल का विस्तृत अभ्यास कराया गया ताकि दस्ता की एकरूपता और परेड की गुणवत्ता और बेहतर हो सके। इस दौरान एसपी ने प्रभारी पुलिस लाइन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि प्रत्येक साप्ताहिक परेड को और अधिक प्रभावी, अनुशासित तथा प्रशिक्षण की दृष्टि से उपयोगी बनाने के लिए नियमित रूप से सुधारात्मक अभ्यास कराए जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शस्त्र अभ्यास भी कराया और हथियारों की स्थिति, सुरक्षा मानकों तथा उपयोग की प्रक्रिया की जांच की।
इसके बाद एसपी विनोद कुमार ने यूपी 112 के पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों में उपलब्ध सभी आवश्यक आपातकालीन उपकरणों को चालू कराकर परखा और यूपी 112 प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पीआरवी की नियमित चेकिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मौके पर तैनात कर्मी अपने निर्धारित स्थान पर सतर्क दृष्टि रखें और जनता की सुरक्षा तथा सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। आपात स्थितियों में पीआरवी की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने जीडी कार्यालय, क्वार्टर गार्ड, पुलिस कैंटीन, शस्त्रागार, बैरक, स्टोर रूम, भोजनालय, लॉन टेनिस ग्राउंड, परिवहन शाखा, कंट्रोल रूम, आरओआईपी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम सहित यूपी 112 कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, रख-रखाव, उपकरणों की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड प्रबंधन को व्यवस्थित रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन स्टाफ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। साप्ताहिक परेड का यह नियमित आयोजन पुलिस बल की कार्यकुशलता, फिटनेस, अनुशासन और आपसी तालमेल को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

