ब्यूरो चीफ: सुजीत कुमार, कानपुर नगर
परिवार से बिछड़ा मासूम 30 मिनट में मिला, परिजनों ने ली राहत की साँस; पुलिस की तत्परता की सराहना
कानपुर। बेकनगंज थाना क्षेत्र के व्यस्त बाजार में शुक्रवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब फतेहपुर जनपद के बिंदकी जुगनी, पोस्ट मडरम निवासी 2 वर्षीय सैफ खान अचानक अपने परिवार से बिछड़ गया। चहल-पहल वाले बाजार में बच्चे के गायब होते ही परिजन घबरा उठे और तुरंत बेकनगंज पुलिस से सहायता की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही थाना बेकनगंज पुलिस सक्रिय हो गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में बच्चे की खोज के लिए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने बाजार की हर गलियों, दुकानों और भीड़भाड़ वाले हिस्सों में तेजी से खोजबीन की।
पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम यह रहा कि गुमशुदगी की सूचना दर्ज होने के मात्र 30 मिनट के भीतर ही बालक को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। बच्चे के मिलने की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने उसे उसकी माता उकसा के सुपुर्द कर दिया। अपने लाड़ले को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की गहरी साँस ली और भावुक होते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने भी थाना बेकनगंज पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। भीड़-भाड़ वाले बाजार में पुलिस की ये त्वरित कार्रवाई नागरिक सुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सजगता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
लोगों का कहना था कि ऐसे मामलों में मिनटों की देरी भी चिंताजनक साबित हो सकती है, लेकिन पुलिस की फुर्ती और प्रभावी कार्यशैली ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया। क्षेत्रीय नागरिकों ने इस मानवीय व सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
थाना बेकनगंज पुलिस द्वारा किया गया यह त्वरित, संवेदनशील एवं सफल प्रयास न केवल परिजनों के लिए राहत लेकर आया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे को भी और मजबूत करता है।

