नाना की तेरहवीं से लौट रहे युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
गिरजा शंकर अवस्थी
बांदा। नाना की तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर ससुराल लौट रहे युवक की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसा बुधवार शाम चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा बस स्टैंड के पास हुआ।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के परसौड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय अमर वर्मा, पुत्र कामता वर्मा, अपने ननिहाल पलरा गांव में तेरहवीं में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद वह बाइक से अपनी ससुराल, अतर्रा थाना क्षेत्र के भरोसा पुरवा, जा रहा था। तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
परिजन मौके पर पहुंचे और अमर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के मामा चन्द्रशेखर ने बताया कि अमर की शादी इसी वर्ष जनवरी 2025 में हुई थी। वह अहमदाबाद में मजदूरी करता था और दीपावली पर घर आया था।

