टेमनी पंचायत में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन
टेमनी, लांजी।
जनपद पंचायत लांजी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टेमनी में बिरसा मुंडा जयंती एवं महात्मा ज्योतिबा फुले पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर टेमनी में छत्रपति शिवाजी सामुदायिक भवन तथा चौंदाटोला में सामुदायिक भवन निर्माण का भूमि-पूजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजकुमार कर्राहे थे। उनके साथ जनपद उपाध्यक्ष अजय अवसरे, अमृत मेश्राम, सुनीता लक्ष्मण कावरे, ग्राम पंचायत टेमनी की सरपंच कविता महेश मात्रे, जनपद सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के बीच ग्रामीणों ने दोनों महापुरुषों के योगदान को स्मरण किया। इसी बीच चौंदाटोला तथा जूनेवानी को अलग पंचायत बनाने की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक राजकुमार कर्राहे को ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि जनसंख्या वृद्धि और भौगोलिक दूरी को देखते हुए नई पंचायत की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान ज्योतिबा फुले जयंती पर गांव में आजादी के बाद पहली बार मेला भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। मेले में स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक प्रस्तुति और खेल प्रतियोगिताओं ने उत्सव का माहौल बना दिया।
विधायक कर्राहे ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
बालाघाट से रूपेश रावते की रिपोर्ट।

