गोरखपुर चौरी चौरा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर भीष्वा में विगत 10 वर्षों से टूटी हुई सड़क को लेकर स्थानीय जनता का आक्रोश उभर आया। ग्रामवासियों ने काली शंकर यदुवंशी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, ओबीसी पार्टी के नेतृत्व में एक प्रदर्शन एवं मार्च निकाला।
इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से एक माह के भीतर सड़क का निर्माण कराने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते कार्य नहीं हुआ, तो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि टूटी सड़क से उन्हें रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।इससे पहले भी कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
काली शंकर यदुवंशी ने कहा, हमारी मांग है कि जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए। अगर हमारी मांग पूरी नहीं होती है, तो हम उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए और उन्होंने एकजुटता का परिचय देते हुए सड़क निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।

