सीतापुर: जमीन के विवाद में जेठ ने भाभी की हत्या की, पांच वर्षीय बेटी ने पड़ोसी के घर छिपकर बचाई जान
सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के तुतुहीपुर गांव में सोमवार सुबह जमीन को लेकर हुए विवाद में जेठ ने अपनी भाभी की बांके से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश जारी है।
विवाद की वजह चारा मशीन बनी
बताया गया कि मृतका अंजली, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है, बिहार की रहने वाली थीं और करीब दस वर्ष पहले तुतुहीपुर निवासी पल्टूराम से उनका विवाह हुआ था। तीन वर्ष पूर्व पल्टूराम की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद अंजली लखनऊ में रहने लगी थीं, हालांकि खेती-बाड़ी देखने के लिए वह अक्सर गांव आती रहती थीं। लगभग एक माह से वह गांव में ही रह रही थीं।
अंजली और उनके जेठ जगत राम के बीच जमीन में लगी चारा मशीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अंजली चारा मशीन हटाने पर जोर दे रही थीं। सोमवार सुबह करीब दस बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान जगत राम ने बांका उठाकर अंजली पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मथुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटी ने पड़ोसी के घर में छिपकर बचाई जान
मौके पर मौजूद अंजली की पांच वर्षीय बेटी पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की, लेकिन बच्ची पड़ोसी के घर में घुसकर बच गई। पड़ोसी ने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया, जिसके बाद ग्रामीण भी जुटने लगे। भीड़ को आता देख आरोपी फरार हो गया।
जमीन और अन्य कारणों से बढ़ रहा था तनाव
पल्टूराम की मौत के बाद उनके हिस्से की 15 बीघा जमीन अंजली के नाम दर्ज हो चुकी थी। इसी वजह से पारिवारिक तनाव बढ़ा हुआ था। गांव के लोगों का कहना है कि अंजली के लखनऊ में रहने और कुछ निजी संबंधों को लेकर भी जगत राम नाराज रहता था और उन्हें गांव में ही रहने का दबाव बना रहा था।
गांव में पुलिस तैनात
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
