ग्राम पंचायत शमसाबाद में प्रगतिशील पहल—समता मूलक महापुरुषों के नाम पर द्वारों का नामकरण, ग्रामीणों ने सराहा
रिपोर्ट – सुधीर वर्मा, अब तक न्याय
शमसाबाद, सीतापुर।
ग्राम पंचायत शमसाबाद में सामाजिक समरसता और जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्राम सभा क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं प्रधान पद प्रत्याशी अंकुर वर्मा ने गांव के प्रवेश मार्गों और प्रमुख स्थानों पर स्थित द्वारों का नामकरण देश के समता, न्याय और सामाजिक परिवर्तन का संदेश देने वाले महापुरुषों के नाम पर कराया है। यह कदम स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
अंकुर वर्मा का कहना है कि इस प्रयास का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि ग्रामवासियों—विशेषकर युवाओं—को उन महान विभूतियों के विचारों और शिक्षाओं से जोड़ना है, जिन्होंने समानता और बंधुत्व की स्थापना के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया।
द्वारों पर आकर्षक सूचना-पट्ट लगाए जाने के बाद ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पहल गांव की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में प्रगतिशील सोच को भी मजबूती प्रदान करेगी।
विशेष रूप से, अंकुर वर्मा ने गांव के पूर्व मुखियाओं, पुरखों और बुजुर्गों के योगदान का सम्मान करते हुए उनके नामों को भी इस पहल में शामिल किया, जिससे ग्रामवासियों में सकारात्मक वातावरण बना।
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने इस कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता और एकता की भावना को गहरा करते हैं। लोगों ने अंकुर वर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

