महुआ। भारतीय किसान यूनियन महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रचना सेन के नेतृत्व में किसानों ने गेहूं का बीज समय से उपलब्ध न होने एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर खंड विकास अधिकारी महुआ को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि रबी फसल की बुआई का समय चल रहा है, लेकिन अभी तक सरकारी केंद्रों पर गेहूं का बीज उपलब्ध नहीं हो सका है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में किसानों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर बीज खरीदना पड़ रहा है।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य समस्याओं जैसे जल निकासी, विद्युत आपूर्ति, सड़क, राशन वितरण में अनियमितता आदि मुद्दों को भी अधिकारियों के समक्ष उठाया गया। रचना सेन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
खंड विकास अधिकारी ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

