प्रदेश में खनन विभाग का विशेष अभियान: तीन दिन में 400 से अधिक वाहन पकड़े, 1.5 करोड़ जुर्माना
लखनऊ। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग द्वारा उपखनिजों के अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान में तीन दिनों के भीतर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न जिलों में पांच हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 400 से अधिक वाहन अवैध परिवहन या ओवरलोडिंग में पकड़े गए। विभाग ने इन पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये का अर्थदंड लगाया है।
अभियान के दौरान सोनभद्र में 54, मीरजापुर में 23, जालौन में 32, बलिया में 21 और गोरखपुर में 15 वाहन पकड़े गए। तीन दिनों में सात प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई हैं।
सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में सचिव एवं निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म माला श्रीवास्तव ने लोडिंग मानकों का सख्ती से पालन कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग को रोकने के लिए सोर्स प्वाइंट पर ही प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
उन्होंने सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्य राज्यों से आने वाले उपखनिजों का परिवहन केवल इंट्रा-स्टेट ट्रांजिट पास के आधार पर ही होने दिया जाए और किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न होने पाए।
विभाग द्वारा स्थापित अत्याधुनिक कैमरा युक्त चेकगेट 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। विशेष सचिव एवं अपर निदेशक अरुण कुमार ने भी प्रभावी प्रवर्तन को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

