लखनऊ में माघ मेला–2026 की तैयारियों की समीक्षा
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने माघ मेला–2026 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी विभागों को 15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले से जुड़े सभी कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं और जहां प्रगति धीमी हो, वहां तुरंत सुधार किया जाए।
मुख्य सचिव ने स्वच्छता, चिकित्सा, विद्युत–पेयजल, सुरक्षा और आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिकारियों को नियमित तौर पर मेला क्षेत्र में जाकर निरीक्षण करने और 24 घंटे साफ-सफाई, अस्थायी अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की तैनाती, सुरक्षित विद्युत आपूर्ति और फायर सेफ्टी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तीन जनवरी से 15 फरवरी तक चलने वाले इस मेला में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेला क्षेत्र का विस्तार करते हुए स्नान घाट की लंबाई दो किलोमीटर से बढ़ाकर 2.8 किलोमीटर की गई है। इसके साथ ही सेक्टर पांच से बढ़ाकर सात कर दिए गए हैं और मेला क्षेत्रफल 750 से बढ़ाकर 800 हेक्टेयर किया गया है।

